समाधान शिविर में प्रदेश समन्वयक सतीश खोला व डीसी राहुल नरवाल ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं

हांसी:– परिवार पहचान पत्र प्राधिकरण के प्रदेश समन्वयक सतीश खोला  वीरवार को जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर मे पहुंचे। शिविर में प्रदेश समन्वयक सतीश खोला तथा उपायुक्त  राहुल नरवाल ने जिला भर से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान परिवार पहचान पत्र से संबंधित अनेक शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि अन्य शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश समन्वयक सतीश खोला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनकी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा में हो।
उन्होंने बताया कि एक सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश में 6740 ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से परिवार पहचान पत्र में दर्ज आय का सत्यापन किया जाएगा। आय के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने से नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, बीपीएल कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को केवल परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी जानकारी के सत्यापन के अभाव में किसी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर इनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निपटाया जाए तथा जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई आवश्यक है, उनमें बिना अनावश्यक देरी के नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कई शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान
समाधान शिविर में रामपुर गांव निवासी सोनू ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज वार्षिक आय का सत्यापन करवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। संबंधित अधिकारियों से तालमेल कर उनकी आय का मौके पर ही सत्यापन करवाया गया।
हांसी शहर निवासी अशोक कुमार ने दुर्गा कॉलोनी में गंदे पानी की आपूर्ति से संबंधित शिकायत रखी। उपायुक्त राहुल नरवाल ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मामले का संज्ञान लेते हुए तुरंत मौके पर जाकर समस्या की जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गगनखेड़ी गांव निवासी खुशी राम ने गली में बनाए गए रैंप के कारण हो रही परेशानी के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके की स्थिति की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को शहर के निकटवर्ती प्रेम नगर गांव में एक अतिरिक्त राशन डिपो खोलने संबंधित निर्देश दिये ताकि सार्वजनिक राशन आपूर्ति प्रणाली के तहत सुगमता से राशन आपूर्ति की जा सके।
जमावाड़ी गांव में बिना मान्यता के संचालित किए जा रहे स्कूल को बंद करवाने के संबंध में गांव निवासी जगदीश चंद्र ने शिकायत प्रस्तुत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जांच करने तथा जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
हांसी शहर निवासी प्रेम रानी ने वृद्धावस्था पेंशन बनवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। प्रदेश समन्वयक सतीश खोला ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन की मौके पर जांच करने तथा पात्रता पूरी होने की स्थिति में शीघ्र पेंशन बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एस. डी महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने बस पास नहीं बनने की समस्या भी समाधान शिविर में रखी। उपायुक्त राहुल नरवाल ने हरियाणा राज्य परिवहन विभाग, हांसी कार्यालय के अधिकारियों को छात्राओं की समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए  समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार  की प्राथमिकता
प्रदेश समन्वयक सतीश खोला ने कहा कि परिवार पहचान पत्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसलिए परिवार पहचान पत्र में दर्ज नागरिकों की जानकारी का सही एवं समयबद्ध सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को परिवार पहचान पत्र से संबंधित सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं के दौरान आय सत्यापन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा किया जाएगा, ताकि पात्र परिवारों को वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, बीपीएल कार्ड तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। 
समाधान शिविर के पश्चात प्रदेश समन्वयक ने क्रीड़ कार्यालय का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक  निर्देश दिए
समाधान शिविर में एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन, एसडीएम राजेश खोथ, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, बीडीपीओ राज सिंह, टीएम विकाश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी,जिला महामंत्री धर्मबीर रतेरिया सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।