ग्रामीण भारत की बदलती तस्वीर और विकास की नई जरूरतें
भारत की तरक्की की तस्वीर अक्सर बड़े शहरों, नई सड़कों, औद्योगिक केंद्रों, ऊंची इमारतों और डिजिटल सुविधाओं के साथ जोड़ कर देखी जाती है। पर भारत की एक बड़ी हकीकत अभी भी गांवों में बसती है। यहां रहने वाले लोग भी वही सुविधाएं, मौके और जीवन की गुणवत्ता चाहते हैं जो शहरों में आम होते जा रहे हैं। इसलिए ग्रामीण विकास का अर्थ अब सिर्फ खेतीबाड़ी या एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने वाली सड़क नहीं रह गया। यह शिक्षा, सेहत, रोजगार, आवाजाही, इंटरनेट, बाजार और बेहतर जीवन से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुका है।
भारत की तरक्की की तस्वीर अक्सर बड़े शहरों, नई सड़कों, औद्योगिक केंद्रों, ऊंची इमारतों और डिजिटल सुविधाओं के साथ जोड़ कर देखी जाती है। पर भारत की एक बड़ी हकीकत अभी भी गांवों में बसती है। यहां रहने वाले लोग भी वही सुविधाएं, मौके और जीवन की गुणवत्ता चाहते हैं जो शहरों में आम होते जा रहे हैं। इसलिए ग्रामीण विकास का अर्थ अब सिर्फ खेतीबाड़ी या एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने वाली सड़क नहीं रह गया। यह शिक्षा, सेहत, रोजगार, आवाजाही, इंटरनेट, बाजार और बेहतर जीवन से जुड़ा बड़ा सवाल बन चुका है।
ग्रामीण सड़कों में पिछले दशकों दौरान बड़ा विस्तार हुआ है, पर नई सड़क बनाने से उसका लंबे समय तक रखरखाव कई बार बड़ी चुनौती बन जाता है। सरकारी दस्तावेज भी मानते हैं कि ग्रामीण सड़कों की नियमित देखभाल के लिए लगातार वित्तीय स्रोत और प्रबंधकीय प्रणाली जरूरी है। बारिश, पानी की निकासी की कमी, भारी खेतीबाड़ी वाहनों और लगातार आवाजाही से सड़कें खराब होती हैं। छोटे टूटे हिस्से समय पर ठीक न होने पर वे बड़ी समस्याएं बन जाते हैं। इस तरह सड़क मौजूद होने के बावजूद संपर्क पूरा नहीं होता।
संपर्क में आवाजाही की भूमिका भी बदल रही है। एक नियमित बस सेवा किसी विद्यार्थी के लिए कॉलेज, किसी मरीज के लिए अस्पताल, किसी नौजवान के लिए नौकरी और किसी छोटे व्यापारी के लिए बाजार तक पहुंच बन सकती है। इसी तरह मोबाइल इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं ने गांवों को बाहरी दुनिया से जोड़ने के नए रास्ते खोले हैं। फिर भी डिजिटल संपर्क सड़क, आवाजाही और सेहत केंद्र की भौतिक जरूरत को खत्म नहीं करता। गांव के बच्चों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा होना महत्वपूर्ण है, पर उस तक पहुंचने के लिए भरोसेमंद बिजली, इंटरनेट और उपकरण भी जरूरी हैं।
खेतीबाड़ी से होने वाली आमदन, बढ़ते खर्चे और जमीन की बढ़ती कीमतों ने कई परिवारों के लिए जमीन को सिर्फ खेती का साधन नहीं, बल्कि एक बड़ी आर्थिक संपत्ति बना दिया है। जब एक परिवार को लगता है कि जमीन बेचने से मिलने वाली रकम कई सालों की खेती आमदन से ज्यादा हो सकती है, तो जमीन बेचने का फैसला लिया जाता है। पर इसका एक और पक्ष भी है। खेतीबाड़ी वाली जमीन पर बन रही कई नई आवासीय बस्तियों में घर तो बन जाते हैं, पर सड़कों, सीवरेज, पानी, ड्रेनेज, पार्क, स्कूल और जनतक आवाजाही जैसी सुविधाएं उसी गति से नहीं बनतीं। तुरंत जमीनी मुनाफा अपनी जगह है, पर लंबे समय का बुनियादी ढांचा पीछे रह जाता है।
पशु पालन कभी ग्रामीण घर की रोजाना अर्थव्यवस्था का हिस्सा होता था। दूध, गोबर की खाद और अतिरिक्त आमदन के साथ पशु परिवारिक जीवन का भी हिस्सा थे। आज दूध की मांग कायम है, पर हर घर में पशु रखने की इच्छा और समय कम हुआ है। इसलिए तस्वीर सिर्फ पशुओं के घटने की नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के बदलते ढांचे की है। तेजी से मुनाफा कमाने और समय बचाने वाले जीवन की इच्छा ने कई पुरानी प्रथाओं की जगह ले ली है। ग्रामीण इलाकों की जरूरतें बढ़ रही हैं, पर स्थानीय संस्थाओं के वित्तीय और तकनीकी स्रोत हर जगह उसी गति से नहीं बढ़ रहे। आज लोग सिर्फ गली, नाली या स्ट्रीट लाइट नहीं चाहते। वे अच्छी सड़कों, साफ पानी, सफाई और कूड़ा प्रबंधन, खेल मैदान, सेहत सुविधाओं, डिजिटल पहुंच और बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा की उम्मीद रखते हैं।
बढ़ती उम्मीदों और सीमित स्रोतों के बीच का फर्क ग्रामीण विकास के लिए एक गंभीर चुनौती है। जब एक नौजवान को अपने गांव में गुणवत्ता वाली शिक्षा, नौकरी, आमदन और आधुनिक जीवन की सुविधाएं सीमित नजर आती हैं, तो शहर या विदेश की तरफ जाना कुदरती विकल्प बन सकता है। ग्रामीण परिवारों में जमीन बेच कर बच्चों की पढ़ाई या विदेश जाने के लिए पैसा लगाने की प्रवृत्ति भी इस बड़े आर्थिक बदलाव का हिस्सा है। पैसा घर वापस आ सकता है, पर गांव से नौजवान का बाहर जाना गांव की सामाजिक संरचना को धीरे-धीरे बदल देता है।
ग्रामीण भारत को शहरों की नकल बनाना जरूरत नहीं है। जरूरत ऐसे गांवों की है जहां खेतीबाड़ी के साथ छोटे कारोबार, स्थानीय रोजगार, शिक्षा, सेहत, डिजिटल सेवाएं, आवाजाही और मजबूत बुनियादी ढांचा इकट्ठे विकसित हों। एक ग्रामीण सड़क सिर्फ तारकोल की परत नहीं, मौकों तक पहुंच है। एक बस सिर्फ सवारी का साधन नहीं, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी कड़ी है। एक गांव सिर्फ खेती करने वाली जगह नहीं, बल्कि एक जीवंत आर्थिक और सामाजिक इकाई है।
- दविंदर कुमार