साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- डिप्टी कमिश्नर श्री अदित्य डचलवाल के नेतृत्व में जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर में स्वीप अभियान के तहत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों (ईएलसी) के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का अधिक से अधिक संख्या में मतदाता के रूप में पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
इसी कड़ी के तहत संविधान दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न स्कूलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला नोडल अधिकारी स्वीप प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल के नेतृत्व में विद्यार्थियों को वोट के महत्व, लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका तथा ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही ईसीआई नेट के माध्यम से नया वोट बनवाने और ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने सेंट सोल्जर स्कूल, फेज-7, मोहाली में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। स्कूल के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों के माध्यम से मतदान के अधिकार के महत्व का संदेश दिया।
इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा फेज-7 की मार्केट और नजदीकी कॉलोनी में जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इस दौरान आम लोगों को 6 दिसंबर को लगाए जाने वाले विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर के बारे में जानकारी दी गई और योग्य युवाओं को अपना वोट बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अभियान को स्थानीय लोगों की ओर से भरपूर समर्थन मिला।
प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने कहा कि स्वीप अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक योग्य नागरिक को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि ईएलसी क्लब इस उद्देश्य की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और विद्यार्थी अपने परिवारों तथा समाज में भी मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचा रहे हैं।
इस अभियान की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों ने स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ आम लोगों को भी जागरूक किया। इस तरह विद्यार्थियों ने बड़ों को भी लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपना वोट बनवाने और मतदान के अधिकार का उपयोग करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर स्वीप टीम के सदस्य मतीश जौहर, श्रीमती नीतू गुप्ता, श्रीमती वरिंदर कौर, श्री विकास वेक्टर और श्रीमती जसबीर कौर भी उपस्थित थे।
