हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिला सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने विभिन्न विभागों से संबंधित नागरिकों की शिकायतें सुनीं और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान शिविर में ममता जैन निवासी हिसार ने इंतकाल दर्ज करवाने, सोमबीर निवासी सिंघवा राघो ने परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि ठीक करवाने, संदीप निवासी भकलाना ने पीपीपी में दर्ज आय कम करवाने, जयसुखमल निवासी रामपुरा ने विधुर पेंशन बनवाने तथा कविता निवासी घिराय ने पीपीपी में आयु सत्यापन करवाने संबंधी शिकायत रखी। इसके अलावा अशोक कुमार निवासी हांसी ने शहर में सीवर के ढक्कनों को ठीक करवाने तथा खाली प्लाटों में कूड़े के ढेर जमा होने की समस्या के समाधान की मांग रखी।

दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने के रोडवेज विभाग को निर्देश

समाधान शिविर में दिव्यांग राजेंद्र निवासी हांसी ने रोडवेज विभाग के बस चालकों द्वारा कोर्ट परिसर के सामने बसें नहीं रोकने की शिकायत एसडीएम राजेश खोथ के समक्ष रखी। इस पर एसडीएम ने रोडवेज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग के चालक एवं परिचालक दिव्यांगजनों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार करें तथा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें।

निराश्रित बच्चों यश व परी की पेंशन के लिए प्रशासन ने किया शिकायत का फॉलोअप

एसडीएम राजेश खोथ ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अनाथ बच्चों यश व परी की पेंशन बनवाने के मामले में भी शिकायत का संज्ञान लिया। उन्होंने पिछले दिनों समाधान शिविर में बच्चों का परिवार पहचान पत्र दुरुस्त करवाने की मांग लेकर पहुंची उनकी बुआ बिमला से फोन पर बातचीत की। एसडीएम ने उन्हें बताया कि बच्चों का परिवार पहचान पत्र दुरुस्त कर दिया गया है। साथ ही उन्हें बच्चों की पेंशन के लिए आवेदन करवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए कहा, ताकि दोनों बच्चों को सरकारी योजना का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेश कुमार, नगर परिषद के एमई जयबीर सिंह, रोडवेज टीएम सतबीर सिंह, डिप्टी फॉरेस्ट ऑफिसर राजेश कुमार, ग्रीवेंस कमेटी सदस्य वजीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।