हांसी (दिनकर गावड़ी), 26 नवंबर:- जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन की अध्यक्षता में वीरवार को जिला सचिवालय परिसर में जिला परिवार कल्याण समिति की गवर्निंग काउंसिल के गठन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में जिला परिवार कल्याण समिति के गठन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की आपातकालीन सेवाओं एवं टीकाकरण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में बताया गया कि आवश्यक दवाइयों की खरीद के लिए पीएमओ के माध्यम से निविदा प्रक्रिया की गई है। अधिकारियों ने दवाइयों की आवश्यकता, उपलब्धता तथा खरीद प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

एडीसी लक्षित सरीन ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ डॉ. यशपाल, डॉ. राजीव डाबला, डॉ. भवनेश, डॉ. नरेंद्र शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न चिकित्सा संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।