हांसी (दिनकर गावड़ी):- डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में जिला स्तरीय ऋण कमेटी एवं जिला स्तरीय बैंक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीटीएम हिमांशु चौहान ने की, जबकि बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक राजेश जिंदल ने किया।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ आलोक रंजन तथा नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राकेश राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों की ऋण वितरण संबंधी प्रगति, प्राथमिकता क्षेत्र के ऋण लक्ष्यों की प्राप्ति तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी ऋण योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीटीएम हिमांशु चौहान ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारी ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और सभी आवेदनों का निर्धारित समयावधि में नियमानुसार निपटारा करें। विशेष रूप से उन आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए, जिनके माध्यम से जरूरतमंद लोगों, किसानों, छोटे उद्यमियों, युवाओं और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लाभार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जानी है।
बैठक में जिले के प्राथमिकता क्षेत्र (प्रायरिटी सेक्टर) के अंतर्गत ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्यों और अब तक की उपलब्धियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सीटीएम ने बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि वे निर्धारित ऋण लक्ष्यों को हासिल करने के लिए गंभीरता से प्रयास करें तथा कृषि, लघु उद्योग, स्वरोजगार और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाएं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में नाबार्ड द्वारा आगामी वित्त वर्ष के लिए प्राथमिकता क्षेत्र के अंतर्गत निर्धारित किए जाने वाले ऋण बजट पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जिले की आर्थिक गतिविधियों, कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों की आवश्यकताओं तथा स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ऋण उपलब्धता को और बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
आरबीआई के एलडीओ आलोक रंजन तथा नाबार्ड के डीडीएम राकेश राणा ने भी बैंक अधिकारियों के साथ विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं ऋण वितरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करें, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर समय रहते उनका लाभ उठा सकें।
बैठक में ऋण आवेदनों के समयबद्ध निपटान, ऋण स्वीकृति एवं वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने तथा बैंकों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बैंकों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करके सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
सीटीएम हिमांशु चौहान ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं और ऋण वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सरल बनाएं। उन्होंने कहा कि बैंकिंग योजनाओं का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध करवाना ही नहीं, बल्कि लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और जिले के विकास को गति देना भी है।
बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
