हांसी, 26 नवंबर (दिनकर गावड़ी):- उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में संविधान दिवस के अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया तथा संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी से संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा और देश की एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता का मजबूत आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श केवल शब्द नहीं हैं, बल्कि एक मजबूत, समावेशी और विकसित राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने वाले मूल सिद्धांत हैं।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह देशभर में लागू हुआ। संविधान निर्माण की इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके दूरदर्शी विचारों, अथक परिश्रम और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप भारत को एक ऐसी संवैधानिक व्यवस्था मिली, जो प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करती है।
एसडीएम ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध करवाता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और लिंग के आधार पर होने वाले भेदभाव से ऊपर उठकर सभी के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार करे। कानून का पालन करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, सामाजिक सद्भाव बनाए रखना तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संकल्प लिया कि वे संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखेंगे तथा उसके आदर्शों का पालन करेंगे। साथ ही देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए सभी नागरिकों के बीच भाईचारा, सौहार्द और समानता की भावना को बढ़ावा देंगे।
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि संविधान दिवस हमें आत्ममंथन करने और यह सुनिश्चित करने का अवसर देता है कि हम अपने दैनिक कार्यों एवं व्यवहार में संवैधानिक मूल्यों को कितना महत्व देते हैं। विशेष रूप से सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे निष्पक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के मिल सके।
