होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- खेलों के प्रति उत्साह, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और पंजाब की खेल भावना के उत्सव ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 का राज्य स्तरीय समापन समारोह 29 नवंबर को होशियारपुर के लाजवंती स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान विशेष रूप से शामिल होंगे, जबकि प्रसिद्ध गायक मीका सिंह अपनी गायकी से समां बांधेंगे।
समारोह की तैयारियों के संबंध में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने लाजवंती स्टेडियम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और प्रबंधों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि राज्य स्तरीय समारोह होशियारपुर के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसलिए समारोह से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था पूरी जिम्मेदारी और आपसी तालमेल के साथ सुनिश्चित की जाए, ताकि समारोह में पहुंचने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात के सुचारू प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेडिकल टीमों की तैनाती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रबंध और स्टेडियम में आने-जाने के लिए उचित व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के लिए भी कहा गया।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की सुविधा समारोह की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी विभाग अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और किसी भी स्तर पर आपसी तालमेल की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रबंधों की नियमित निगरानी करने और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने पर जोर दिया।
बैठक में एडीसी (जनरल) मेजर डॉ. सुमित मुध, एडीसी (विकास) अमरजीत बैंस, एस.पी. संदीप सिंह, आई.ए.एस. अधिकारी गुरकंवल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
