हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिला सचिवालय स्थित वीसी सभागार में उपायुक्त राहुल नरवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एग्रीस्टैक के तहत किसानों की फार्मर आईडी बनाने के कार्य की प्रगति, डेटा कवरेज एवं गुणवत्ता में सुधार तथा इस डेटा के व्यावहारिक उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त राहुल नरवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की फार्मर आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के लिए प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। इस कार्य में ग्राम सचिवों, पटवारियों तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों का सहयोग लिया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी प्रतिदिन की कार्य प्रगति की रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध करवाएं। इसके साथ ही एसडीएम अपने-अपने उपमंडल में इस कार्य की नियमित समीक्षा करें और पंजीकरण में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाएं।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि फार्मर आईडी केवल एक पंजीकरण प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कृषि सेवाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना है।
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि वे स्वयं प्रत्येक वीरवार को इस कार्य की समीक्षा करेंगे, ताकि कार्य की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सके और जहां भी किसी प्रकार की बाधा सामने आए, उसे संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से दूर किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के महत्व के बारे में जागरूक किया जाए तथा उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
बैठक में बताया गया कि भारत सरकार एवं हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय टास्क फोर्स का गठन एग्रीस्टैक के डेटा की कवरेज एवं गुणवत्ता में सुधार करने तथा इसके व्यावहारिक उपयोग की संभावनाओं की पहचान करने के उद्देश्य से किया गया है।
बैठक में किसान पंजीकरण के अंतर्गत किसानों के पंजीकरण की स्थिति, कवरेज एवं डेटा की शुद्धता की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त भू-अभिलेख तथा एग्रीस्टैक की प्रगति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि डेटा में मौजूद कमियों एवं त्रुटियों की पहचान कर उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि उपलब्ध जानकारी विश्वसनीय एवं उपयोगी बन सके।
उपायुक्त ने कहा कि एग्रीस्टैक के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल डेटा का उपयोग किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कृषि सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से उपलब्ध करवाने के लिए किया जाना चाहिए। इसके तहत फसल योजना, कृषि विस्तार सेवाओं, किसानों को समय पर कृषि संबंधी सलाह देने, कृषि उपज की खरीद, मंडी व्यवस्था, विपणन तथा कृषि मूल्य श्रृंखला को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में कृषि, राजस्व, बागवानी, खाद्य एवं आपूर्ति, सहकारिता, सिंचाई सहित अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर उपलब्ध डेटा एवं संसाधनों का बेहतर एकीकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को अलग-अलग योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उप कृषि निदेशक डॉ. बाबूलाल, जिला बागवानी अधिकारी कुलदीप श्योराण, एसडीओ डॉ. रविंद्र कुमार, तकनीकी सहायक डॉ. राजीव भाटिया, एचडीओ डॉ. सोनिया, कोऑपरेटिव सोसाइटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार संजीव कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।