संगरूर, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिला संगरूर में पहली दिसंबर, 2026 से ई.वी.एम. और वी.वी.पैट के संबंध में विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान जिला स्तर के साथ-साथ जिले के पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चलाया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल)-कम-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी संगरूर अंकुर महिंदरू ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर मतदाताओं और आम नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम.) तथा वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट) की कार्यप्रणाली से अवगत करवाना है। इस दौरान मतदान प्रक्रिया से जुड़े लोगों के सवालों और शंकाओं का भी समाधान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला स्तर के अलावा पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ई.वी.एम. प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर प्रशिक्षित अधिकारी और कर्मचारी आम लोगों को ई.वी.एम. के माध्यम से वोट डालने तथा वी.वी.पैट के जरिए अपने वोट की पुष्टि करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में व्यावहारिक जानकारी देंगे।

अंकुर महिंदरू ने बताया कि अभियान को गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाने के लिए मोबाइल ई.वी.एम. प्रदर्शन वैन भी चलाई जाएंगी। ये वैन जिले के विभिन्न गांवों, शहरों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर जाकर नागरिकों को ई.वी.एम. और वी.वी.पैट के इस्तेमाल के बारे में जानकारी देंगी। इस दौरान नागरिकों को मॉक पोल के माध्यम से स्वयं मतदान प्रक्रिया का अभ्यास करने का अवसर भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया, डिजिटल माध्यमों और अन्य प्रचार साधनों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इससे मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया और मतदान मशीनों की कार्यप्रणाली के संबंध में प्रामाणिक जानकारी मिलेगी तथा वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पूरे विश्वास के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान सुचारू और प्रभावी ढंग से चलाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ई.वी.एम. प्रदर्शन केंद्रों और मोबाइल वैनों के लिए केवल प्रशिक्षित अधिकारियों और कर्मचारियों की ही तैनाती की जाए।

अंकुर महिंदरू ने जिले के सभी मतदाताओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और ई.वी.एम. तथा वी.वी.पैट की कार्यप्रणाली के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करके चुनाव प्रक्रिया के संबंध में अपनी समझ को और मजबूत करें।