अंबाला, 27 नवंबर (आर. सिंह):- जिला टाउन प्लानर अंबाला की टीम ने अंबाला के शहरी क्षेत्र में लगभग 4 एकड़ में विकसित एक अवैध कॉलोनी के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान जिला अंबाला की तहसील अंबाला कैंट के गांव मंडौर (हदबस्त नंबर 43) में लगभग 4 एकड़ में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनी में बने 2 गोदाम, एक चारदीवारी और सीवरेज नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-जिला टाउन प्लानर श्रीमती गुंजन वर्मा और हरियाणा के एसएचओ, प्रवर्तन ब्यूरो भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। जिला टाउन प्लानर श्रीमती गुंजन वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह विकसित की गई अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर किसी भी तरह का निर्माण न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
