होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब सरकार द्वारा राज्य में पिछले करीब सवा साल से चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत आज जिला होशियारपुर के कस्बा माहिलपुर में नशा प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली के माध्यम से लोगों को नशों के दुष्प्रभावों से अवगत करवाने के साथ-साथ नशों के खात्मे के लिए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

माहिलपुर की बी.डी.पी.ओ. कॉलोनी और अन्य इलाकों में निकाली गई इस रैली का नेतृत्व नायब तहसीलदार कुलवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर कार्यसाधक अधिकारी (ई.ओ.) और थाना प्रभारी ने भी सहयोग दिया। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

रैली के दौरान अधिकारियों ने लोगों से बातचीत करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका बुरा प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है और परिवारों को कई तरह की सामाजिक, आर्थिक और मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि युवा पीढ़ी को नशों से दूर रखने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। नशों के विरुद्ध जागरूकता पैदा करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों के साथ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विशेष बातचीत की। इस दौरान लोगों की समस्याओं और क्षेत्र से जुड़े मामलों पर विचार-विमर्श किया गया।

इस जागरूकता रैली के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि नशों के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के सामूहिक सहयोग से ही सफल हो सकती है। नशामुक्त पंजाब के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक करना और युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करना समय की मुख्य आवश्यकता है।