करनाल, 27 नवंबर (प्रवीण वालिया):- जिला पुलिस करनाल द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों का जीवन बचाने के उद्देश्य से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घायलों की मदद के लिए तुरंत आगे आएं। कई बार लोग पुलिस कार्रवाई, गवाही या कानूनी औपचारिकताओं के डर से दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने से पीछे हट जाते हैं, जबकि समय पर मिलने वाली चिकित्सा सहायता किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकती है।
क्या है गोल्डन आवर?
सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटे को सामान्यतः 'गोल्डन आवर' कहा जाता है। इस दौरान घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना बेहद महत्वपूर्ण होता है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में देरी होने से उसकी स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। इसलिए दुर्घटना होने पर बिना समय गंवाए एंबुलेंस अथवा आपातकालीन सेवा को सूचना दें और घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
एसपी करनाल ने कहा कि सड़क दुर्घटना देखकर वहां से गुजरने के बजाय प्रत्येक नागरिक को मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए सुरक्षित तरीके से घायलों की मदद करनी चाहिए। समय पर किया गया छोटा सा प्रयास किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है और उसके परिवार को जीवनभर का दुख सहने से बचा सकता है।
घायलों की मदद करने वाले नेक मददगार के कानूनी अधिकार
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 134A तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने वाले नागरिकों को कानूनी संरक्षण प्रदान किया गया है। ऐसे मददगार को अनावश्यक कानूनी औपचारिकताओं में उलझाने से सुरक्षा दी गई है।
- नाम और पता बताना अनिवार्य नहीं: घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नेक मददगार को अपना नाम और पता बताने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
- गवाह बनने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता: केवल घायल व्यक्ति की सहायता करने के कारण किसी व्यक्ति को गवाह बनने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। गवाही देना या न देना उसकी स्वेच्छा पर निर्भर करता है।
- अनावश्यक पूछताछ से संरक्षण: घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को अनावश्यक पूछताछ या कानूनी औपचारिकताओं में नहीं उलझाया जाना चाहिए और उसे जाने की अनुमति दी जानी चाहिए।
- अस्पताल के खर्च की जिम्मेदारी नहीं: घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को उसके इलाज का खर्च उठाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। अस्पताल की भर्ती संबंधी औपचारिकताएं पूरी करना भी मददगार की अनिवार्य जिम्मेदारी नहीं है।
- स्वेच्छा से गवाही देने का अधिकार: यदि कोई मददगार अपनी इच्छा से गवाह बनना चाहता है, तो वह स्वेच्छा से अपना बयान दर्ज करवा सकता है।
- एसपी करन गोयल ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाना और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। आमजन को पुलिस कार्रवाई या कानूनी औपचारिकताओं के डर से किसी घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
- करनाल पुलिस की अपील है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं। आपका कुछ मिनट का सहयोग किसी की अनमोल जिंदगी बचा सकता है। मानवता के नाते घायलों की सहायता करें और जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाएं।
