राजपुरा/पटियाला, 26 नवंबर (परमजीत सिंह परवाना):- ‘नशों के विरुद्ध युद्ध’ अभियान के तहत राजपुरा की ग्रेन मार्केट स्थित मैसर्स सपना मेडिकोज के मालिक के आवासीय घर और मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में दवाइयां जब्त की गईं। यह कार्रवाई एफआईआर नंबर 332 की जांच के संबंध में ड्रग कंट्रोल अधिकारी पटियाला-2 परनीत कौर द्वारा थाना सिटी राजपुरा के एसएचओ और फोकल प्वाइंट चौकी के प्रभारी के साथ संयुक्त रूप से की गई।
जोनल ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी नवजोत कौर ने बताया कि आवासीय घर से ड्रग कंट्रोल अधिकारी द्वारा टैपेंटाडोल, प्रेगाबालिन-75, ओलैंजापिन और एमटीपी किट सहित सात प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 2,39,966 रुपये है। इनमें से तीन दवाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि पुलिस द्वारा नौ प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 7,99,250 रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बाद में शाम के समय मेडिकल स्टोर की भी जांच की गई। इस दौरान ड्रग कंट्रोल अधिकारी द्वारा प्रेगाबालिन-300, टैपेंटाडोल, क्लोनाजेपाम और अल्प्राजोलम सहित पांच प्रकार की दवाइयां/वस्तुएं जब्त की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत 4,710 रुपये है। इसके अलावा ट्रामाडोल युक्त दो प्रकार की दवाइयां, जिनकी अनुमानित कीमत 19,424 रुपये है, आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दी गईं।
जोनल ड्रग लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने बताया कि जनहित में और दवाइयों के दुरुपयोग को रोकने के मद्देनजर मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया गया।
