साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 27 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिले से गुजर रही शोभायात्रा के मद्देनजर जिला मजिस्ट्रेट साहिबजादा अजीत सिंह नगर श्री आदित्य डचलवाल, आईएएस ने जिले भर में 2 और 3 दिसंबर, 2026 को मांस, अंडे और शराब की सभी दुकानें बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह यात्रा 2 दिसंबर को जिले में प्रवेश करेगी और रात्रि ठहराव के बाद 3 दिसंबर की सुबह अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।

ये प्रतिबंधात्मक आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शोभायात्रा के दौरान धार्मिक मर्यादा और सम्मान सुनिश्चित करने के मद्देनजर जारी किए गए हैं। यह शोभायात्रा जोन-1 (वाराणसी से खुरालगढ़ साहिब) से 30 नवंबर को शुरू होकर 3 दिसंबर को संपन्न होगी।

आदेशों के अनुसार, जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर की सीमा के भीतर आने वाली मांस, अंडे और शराब की सभी दुकानें, रेहड़ियां और बूचड़खाने दोनों दिन बंद रहेंगे। इसके अलावा होटलों, ढाबों और शराब के ठेकों से जुड़े अहातों में मांस और अंडों के व्यंजन तैयार करने, पकाने और परोसने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

जिला मजिस्ट्रेट ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, साहिबजादा अजीत सिंह नगर; कमिश्नर, नगर निगम, साहिबजादा अजीत सिंह नगर; सहायक आबकारी एवं कराधान कमिश्नर; सभी नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारियों; खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों; उप निदेशक, पशुपालन विभाग तथा सभी उपमंडल मजिस्ट्रेटों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।