होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक चलाई जा रही ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ मुहिम के तहत जिला होशियारपुर के विभिन्न स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए एक गंभीर चुनौती है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें और इस बुराई को रोकने में सहयोग दें।

उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक स्तर पर भी प्रयास किए जाने चाहिए।

इसी मुहिम के तहत शुक्रवार को ‘बाल विवाह, कम उम्र में विवाह और जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ के अवसर पर जिला बाल संरक्षण यूनिट और बाल कल्याण समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। इस दौरान संकल्प लिया गया कि जहां भी बाल विवाह संबंधी कोई सूचना प्राप्त होगी, वहां तुरंत आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्चों को इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी गगनदीप सिंह ने बताया कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करना, आम लोगों में जागरूकता पैदा करना और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मुहिम के तहत स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. हरप्रीत कौर, बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन हरजीत कौर, सदस्य जगदीश मित्र, लीगल-कम-प्रोबेशन अधिकारी सुखजिंदर सिंह, सीपीओ (एनआईसी) जस्मीन कौर, काउंसलर कुलदीप सिंह, सोशल वर्कर अमनदीप सिंह और रंजीत कौर, स्पेशलाइज्ड एडॉप्शन एजेंसी की मैनेजर-कम-कोऑर्डिनेटर अमरजीत कौर झम्मट, गुरजोत सिंह, बाल कल्याण समिति की असिस्टेंट-कम-डेटा एंट्री ऑपरेटर अंजलि अग्रवाल और अमनदीप कौर, सीएचएल की सुपरवाइजर दीक्षा तथा केस वर्कर किरण सैनी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।