होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 का राज्य स्तरीय समापन समारोह 29 नवंबर को होशियारपुर के लाजवंती स्टेडियम में पूरे उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समारोह के दौरान जहां खेलों के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, वहीं प्रसिद्ध पंजाबी गायक मीका सिंह अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज लाजवंती स्टेडियम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और समारोह को सुचारू तथा यादगार बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि पंजाब की खेल भावना, प्रतिभा और खेल संस्कृति को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रयास के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिले हैं और राज्य में खेलों के प्रति उत्साह को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर के लिए यह गर्व की बात है कि इस सीजन का राज्य स्तरीय समापन समारोह जिले में आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को शाम 4 बजे लाजवंती स्टेडियम में समारोह की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करके उनका उत्साह बढ़ाएंगे। समारोह के दौरान प्रसिद्ध गायक मीका सिंह की विशेष प्रस्तुति के साथ-साथ अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने जिले के लोगों को इस भव्य समारोह में शामिल होने का खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि वे अपने परिवारों सहित 29 नवंबर को शाम 4 बजे लाजवंती स्टेडियम पहुंचें और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ इस यादगार आयोजन का हिस्सा बनें।
तैयारियों की समीक्षा करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और बैठने की उचित व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि समारोह में पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल और जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि कार्यक्रम को भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि स्टेडियम में आने वाले दर्शकों और मेहमानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) मेजर डॉ. सुमित मुੱਧ, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) अमरजीत बैंस, आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण, नगर निगम कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह बैंस, एसडीएम होशियारपुर परमप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
