होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर जिला होशियारपुर में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत बड़े स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी आशिका जैन ने बताया कि जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 402 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्थापित किए गए हैं। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को मतदान के महत्व, चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मुकेरियां में 48, दसूहा में 61, उड़मुड़ में 55, शाम चौरासी में 59, होशियारपुर में 67, चब्बेवाल में 49 और गढ़शंकर में 63 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्थापित किए गए हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के निर्देशों के अनुसार 6 दिसंबर को लगाए जाने वाले विशेष कैंप के संबंध में सभी चुनाव पंजीकरण अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में जिला स्तर पर सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे मंडी, होशियारपुर में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों के माध्यम से निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं के साथ-साथ एक विशाल मतदाता पंजीकरण कैंप भी लगाया गया था। इन गतिविधियों का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को चुनाव प्रक्रिया से जोड़ना है।
आशिका जैन ने बताया कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी देने के लिए जिले में कुल आठ प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें से एक जिला स्तरीय केंद्र सुविधा केंद्र, जिला प्रशासनिक परिसर होशियारपुर में स्थापित किया जाएगा, जबकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक प्रदर्शन केंद्र बनाया जा रहा है। इन केंद्रों पर मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करके जागरूक किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक मोबाइल प्रदर्शन वैन तैनात की गई है। प्रत्येक वैन अपने विधानसभा क्षेत्र के पांच से सात निर्धारित स्थानों को कवर करेगी। चुनावों की घोषणा से पहले प्रत्येक निर्धारित स्थान पर कम से कम एक बार जागरूकता गतिविधि सुनिश्चित की जाएगी। निर्धारित योजना के अनुसार यह अभियान 9 दिसंबर से शुरू होगा।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि स्वीप अभियान के माध्यम से जिले में अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने, नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं जागरूक मतदान के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
