होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- होशियारपुर में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जो 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा। डिप्टी कमिश्नर अशिका जैन ने बाल विवाह को बच्चों के अधिकारों और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल विवाह का कोई भी मामला सामने आने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
शुक्रवार को जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति के अधिकारियों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली। इस दौरान संकल्प लिया गया कि बाल विवाह से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी गगनदीप सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करना है। अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर कई अधिकारी और पार्षद भी उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज में जागरूकता फैलाने में योगदान दिया।
