नवांशहर, 27 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह क्लेर):- जिला प्रशासन द्वारा आज शाम 8:00 बजे से 8:15 बजे तक जिले में ब्लैकआउट करवाकर वर्ष 2026 की दूसरी सिविल डिफेंस एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को परखना था।

डिप्टी कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने बताया कि ठीक 8:00 बजे सायरन बजने के बाद पूरे जिले में 15 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया गया। इस दौरान लोगों ने अपने घरों, दुकानों और अन्य संस्थानों की लाइटें बंद रखकर पूरा सहयोग दिया। शाम 8:15 बजे दूसरा सायरन बजने के साथ ही ब्लैकआउट समाप्त कर दिया गया।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान सिविल प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और सिविल डिफेंस की टीमों ने खोज एवं बचाव कार्यों, प्राथमिक उपचार, घायलों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और भीड़ नियंत्रण का अभ्यास किया।

उन्होंने मॉक ड्रिल के दौरान जिले के लोगों द्वारा दिए गए भरपूर सहयोग के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों की जागरूकता और सहयोग से ही किसी भी आपातकालीन स्थिति का सामना किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नियमित अभ्यास था और भविष्य में भी ऐसी ड्रिलों के माध्यम से प्रशासन की तैयारियों को और मजबूत किया जाएगा।

इस अवसर पर उप मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) नवांशहर कुलदीप चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।