सुनाम, 25 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज सुनाम उधम सिंह वाला के आई.टी.आई. चौक पर सृष्टि के रचयिता तथा श्रम और कौशल के प्रतीक भगवान विश्वकर्मा जी को समर्पित नवनिर्मित भगवान विश्वकर्मा चौक का उद्घाटन कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर शहरवासियों को बधाई देते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी को समर्पित यह चौक जहां श्रम, कौशल और रचनात्मकता का संदेश देगा, वहीं इसका आधुनिक डिजाइन शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उनके मन में लंबे समय से यह इच्छा थी कि सुनाम शहर में भगवान विश्वकर्मा जी को समर्पित एक भव्य और विशिष्ट चौक विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर उन्होंने संगत से इस संबंध में किया गया वादा पूरा करते हुए आज यह चौक जनता को समर्पित कर दिया है।

अमन अरोड़ा ने कहा कि इस चौक की स्थापना के लिए आई.टी.आई. से अधिक उपयुक्त कोई अन्य स्थान नहीं हो सकता था, क्योंकि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक कौशल प्रदान करके उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के योग्य बनाते हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से सुनाम की आई.टी.आई. के नवीनीकरण और सर्वांगीण विकास पर लगभग 6 से 6.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस संस्थान से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करके हजारों युवा विभिन्न क्षेत्रों में अपना भविष्य संवार रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चौक को विशेष और आकर्षक ढंग से डिजाइन किया गया है। इसके एक ओर भगवान विश्वकर्मा जी का सुंदर चित्र सुशोभित किया गया है, जबकि दूसरी ओर राजमिस्त्रियों, श्रमिकों और कामगारों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न औजारों की झलक प्रस्तुत की गई है। ये औजार मेहनत, कौशल, सृजन और आत्मनिर्भरता के महत्व को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि यह चौक युवाओं को अपने कौशल को निखारने, मेहनत का सम्मान करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सिख धर्म में भी श्रम को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। प्रथम पातशाही गुरु नानक देव जी ने ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का उपदेश देकर मानवता को ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों की सहायता करने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी को समर्पित यह चौक आने वाली पीढ़ियों को श्रम और कौशल का सम्मान करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

यातायात प्रबंधों के बारे में जानकारी देते हुए अमन अरोड़ा ने बताया कि आई.टी.आई. चौक सुनाम शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां पांच अलग-अलग दिशाओं से वाहनों का आवागमन होता है। पहले चौक की बनावट के कारण अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को रुकना पड़ता था, जिससे भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होती थी।

उन्होंने कहा कि अब इस चौक को वैज्ञानिक और यातायात की दृष्टि से सुचारू ढंग से दोबारा विकसित किया गया है। नई व्यवस्था के तहत पांच में से चार दिशाओं का यातायात बिना रुके निर्बाध रूप से चल सकेगा। केवल बठिंडा-मानसा की ओर से आकर लहरागागा की तरफ जाने वाले वाहनों को ही यातायात नियमों के अनुसार रुकना पड़ेगा। इससे शहरवासियों, व्यापारियों और रोजाना यहां से गुजरने वाले राहगीरों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी और उनके कीमती समय की भी बचत होगी।

अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शहरों के योजनाबद्ध विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास कार्य न केवल लोगों की वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करें, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी योजनाबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि सुनाम उधम सिंह वाला को विकास के क्षेत्र में पंजाब का अग्रणी विधानसभा क्षेत्र बनाना उनकी हार्दिक इच्छा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क यातायात, खेल, सीवरेज, पेयजल, सौंदर्यीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।