ऊना, 29 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को पंडोगा में राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के सानिध्य में आयोजित धार्मिक समारोह में शिरकत कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा बाल जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद किसी एक व्यक्ति, वर्ग या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं होता, बल्कि उनका आशीर्वाद पूरे समाज और मानवता के लिए होता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। ऊना जिला ही नहीं, बल्कि पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। यह बाबा जी के प्रति लोगों के अपार प्रेम, विश्वास और श्रद्धा का प्रतीक है। धार्मिक आयोजनों में उमड़ने वाली विशाल संगत इस बात का प्रमाण है कि बाबा जी ने अपनी आध्यात्मिक सेवा से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बाल जी महाराज का इस क्षेत्र के साथ विशेष स्नेह और आशीर्वाद रहा है। उन्हें आज भी याद है कि करीब 25 साल पहले जब वह बाबा जी से पंडोगा में मिले थे, तब बाबा जी ने अपने गले का हार उतारकर उन्हें पहनाया था और आगे भी जीतते रहने का आशीर्वाद दिया था। उन्होंने कहा कि बाबा जी का वह आशीर्वाद आज भी उनके लिए अविस्मरणीय है। पिछले 25 सालों से उन्हें लगातार जनता की सेवा का अवसर मिल रहा है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि क्षेत्र में डेरा बाबा रुद्रानंद जी महाराज और राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज जैसे महान संतों की उपस्थिति इस क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। दोनों धार्मिक संस्थानों का आशीर्वाद पूरे क्षेत्र पर बना हुआ है। उन्होंने बाबा बाल जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों की यही कामना है कि महाराज जी स्वस्थ रहें और इसी तरह श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते रहें।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने भदसाली में बन रहे डेरे के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संतों के प्रति श्रद्धा और सेवा के भाव से किया गया यह छोटा-सा प्रयास है। उनका प्रयास है कि बाबा जी का आशीर्वाद पूरे क्षेत्र और यहां के लोगों पर इसी तरह बना रहे।

उन्होंने धार्मिक समारोह के सफल आयोजन के लिए गठित समिति की सराहना करते हुए समिति को 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में सभी गांवों के प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों की सहभागिता सराहनीय है।