चंडीगढ़, 28 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 में देश और विदेश के हस्तशिल्प का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस महोत्सव में पहली बार 18 देशों के 64 से अधिक शिल्पकारों ने कुरुक्षेत्र आने के लिए अपनी सहमति दी है। इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों से 50 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पकारों को भी आमंत्रित किया गया है। इस बार कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से 700 स्टॉल आवंटित किए गए हैं।
कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार विदेशी शिल्पकारों को आमंत्रित करने की विशेष पहल की गई है। इस पहल के तहत भारत सरकार के माध्यम से लगभग सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अपनी हस्तशिल्प कला प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। सरकार के इस निमंत्रण पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के पास 18 देशों के 64 शिल्पकारों ने गीता महोत्सव में अपनी हस्तशिल्प कला प्रदर्शित करने के लिए सहमति जताई है। इन सभी देशों के शिल्पकारों को ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, ताकि महोत्सव में आने वाले लाखों पर्यटक विभिन्न देशों की हस्तशिल्प कला देख सकें। इतना ही नहीं, यह विदेशी हस्तशिल्प स्थानीय लोगों के घरों की शोभा भी बढ़ा सकता है।
उन्होंने कहा कि गीता महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से 50 राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पकारों को भी आमंत्रित किया गया है। इन सभी शिल्पकारों को ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से आवेदन करने की सूचना दी गई थी और इन सभी ने केडीबी के पोर्टल पर आवेदन किए। पारदर्शी प्रणाली के आधार पर इन शिल्पकारों को स्टॉल भी आवंटित कर दिए गए हैं। हर साल की तरह इस महोत्सव में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से देशभर के स्वयं सहायता समूहों को भी आमंत्रित किया गया है। इस सरस मेले में स्वयं सहायता समूहों को 100 स्टॉल आवंटित किए जाएंगे। इन सभी को लॉटरी के माध्यम से स्टॉल आवंटित किए जाएंगे।
