हांसी (दिनकर गावड़ी):- वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज राठी ने केंद्र सरकार की ओर से लाए गए परिसीमन बिल का कड़ा विरोध करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार परिसीमन के नाम पर हरियाणा सहित उत्तर भारत के राज्यों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की मनमानी बताते हुए कहा कि जनता से राय लिए बिना परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसमें उत्तर भारत के राज्यों की जनसंख्या के अनुपात में लोकसभा सीटें कम बढ़ाई जा रही हैं, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों को अपेक्षाकृत अधिक सीटें देने की तैयारी है। भाजपा सरकार के इस रवैये से देश में क्षेत्रीय भेदभाव की खाई और गहरी होगी।

मनोज राठी ने कहा कि हरियाणा की जनसंख्या करीब 4.5 करोड़ होने के बावजूद परिसीमन के बाद प्रदेश की लोकसभा सीटें केवल 15 रहने की बात सामने आ रही है, जबकि केरल की जनसंख्या करीब 2.5 करोड़ होने के बावजूद वहां सीटों की संख्या 30 तक होने का दावा किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो यह हरियाणा के साथ घोर अन्याय होगा। परिसीमन जनसंख्या के अनुपात में होना चाहिए, ताकि सभी राज्यों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने सवाल उठाया कि हरियाणा के भाजपा नेता इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? प्रदेश की लोकसभा में भागीदारी कम होने से भविष्य में हरियाणा के हित प्रभावित होंगे।

मनोज राठी ने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा शुरू से ही इस मुद्दे पर नकारात्मक रही है। यही कारण है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में पार्टी नए परिसीमन का विरोध कर रही है। जनता के अधिकारों और हरियाणा सहित उत्तर भारत के राज्यों के साथ न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने हरियाणा के भाजपा नेताओं से अपनी सरकार से जवाब मांगने की अपील की कि प्रदेश और उत्तर भारत के साथ अन्याय क्यों किया जा रहा है। इस अवसर पर रामविलास जागडा, युवा प्रधान अजय बेरवाल, ललित रंगा आदि मौजूद थे।