करनाल, 28 नवंबर (प्रवीण वालिया):- हरियाणा के करनाल जिले के तरावड़ी थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक अनुराग को एंटी करप्शन ब्यूरो पानीपत की टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा ने मारपीट और धमकी के एक मामले में दो दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे युवक की हिरासत में पिटाई न करने और केस को कमजोर रखने के बदले उसके पिता से 50 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ। शनिवार को एसीबी की टीम ने तरावड़ी थाना परिसर में जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया और उसकी गाड़ी से रिश्वत की नकदी बरामद कर ली।

अदालत में पेशी के दौरान मांगे थे 50 हजार रुपये

एसीबी टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि गांव तरावड़ी निवासी परमजीत ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। परमजीत के बेटे खुशप्रीत सिंह के खिलाफ 23 अक्टूबर 2026 को तरावड़ी थाने में मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। परमजीत ने स्वयं अपने बेटे को पुलिस के सामने पेश किया था और इस मामले की जांच एएसआई अनुराग कर रहा था। आरोप है कि 26 नवंबर को जब खुशप्रीत को अदालत में पेश करने के लिए ले जाया गया, तो शिकायतकर्ता परमजीत भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान एएसआई अनुराग ने खुशप्रीत को बिना किसी परेशानी के अदालत में पेश करने और रिमांड के दौरान मारपीट न करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

40 हजार में तय हुआ सौदा, थाने के अंदर बिछाया जाल

शिकायतकर्ता परमजीत ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। अगले दिन यानी 27 नवंबर को जब वह दोबारा तरावड़ी थाने में एएसआई अनुराग से मिले, तो उसने फिर से 50 हजार रुपये की मांग दोहराई। काफी अनुरोध करने के बाद आरोपी 40 हजार रुपये लेने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद परमजीत ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को इसकी सूचना दी। शनिवार को एसीबी टीम ने शिकायतकर्ता को 40 हजार रुपये देकर तरावड़ी थाना परिसर में भेजा। जैसे ही एएसआई अनुराग ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत छापा मारकर उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया और उसकी गाड़ी से 40 हजार रुपये बरामद कर लिए। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।