चंडीगढ़/सुनाम, 29 नवंबर 2026 (पैगाम-ए-जगत):- सुनाम पंजाब का पहला उप-मंडल बन गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी एस्ट्रोटर्फ लगाया गया है। कैबिनेट मंत्री और सुनाम से विधायक अमन अरोड़ा ने शहीद ऊधम सिंह सरकारी कॉलेज में 8 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हॉकी एस्ट्रोटर्फ लोगों को समर्पित किया। संगरूर, मालेरकोटला, मानसा और बरनाला जिलों में भी यह अपनी तरह की पहली खेल सुविधा है। अपने हल्के में अगले छह महीनों के दौरान खेल ढांचे के व्यापक विस्तार की घोषणा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब की खेल विरासत को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, पेशेवर कोचिंग और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर पंजाब पुलिस और रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) की टीमों के बीच एक प्रदर्शनी मैच खेला गया, जो 4-4 से ड्रॉ रहा और दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। इस मैच में कई ऐसे नामचीन ओलंपियनों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करके पंजाब और देश का नाम रोशन किया है।

सुनाम शहर और समूचे हल्के के निवासियों को बधाई देते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा, "इस अत्याधुनिक सुविधा की शुरुआत के साथ इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने का मेरा लंबे समय से देखा गया सपना पूरा हो गया है। शहीद ऊधम सिंह का सुनाम पंजाब का पहला ऐसा उप-मंडल बन गया है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी एस्ट्रोटर्फ मौजूद है। ऐसी सुविधाएं इस समय पूरे प्रदेश में केवल आठ जिला मुख्यालयों पर ही उपलब्ध हैं। साथ ही, चार पड़ोसी जिलों संगरूर, मालेरकोटला, मानसा और बरनाला में भी यह पहला हॉकी एस्ट्रोटर्फ है।"

इसे सुनाम के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, "यह सुविधा उभरते हॉकी खिलाड़ियों को उनके अपने क्षेत्र में ही पेशेवर प्रशिक्षण के लिए बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराएगी। इससे युवा प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें निखारने और प्रांतीय, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।"

हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली का स्वागत करते हुए अमन अरोड़ा ने समारोह में शामिल होने के लिए उनका धन्यवाद किया और प्रदेश भर में हॉकी खेल को प्रोत्साहित करने तथा इसके इकोसिस्टम को मजबूत करने में हॉकी पंजाब के योगदान की सराहना भी की।

पंजाब की हॉकी की शानदार विरासत का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, "पंजाब ने देश को कई महान हॉकी खिलाड़ी और ओलंपियन दिए हैं। यह नई सुविधा सुनाम और आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को एक सही मंच, पेशेवर माहौल और आधुनिक बुनियादी ढांचा प्रदान करेगी, ताकि वे इस शानदार विरासत को आगे ले जा सकें।"

युवाओं के लिए इस प्रोजेक्ट के महत्व का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा, "यह विश्व स्तरीय एस्ट्रोटर्फ सिर्फ एक खेल सुविधा नहीं है, बल्कि पंजाब सरकार द्वारा हमारे युवाओं के सपनों, प्रतिभा और भविष्य में किया गया निवेश है। यह युवा खिलाड़ियों को खेलों की ओर आने, अपने कौशल को निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब तथा भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करेगा।"

प्रदेश नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा, "मैं इस प्रोजेक्ट के लिए निरंतर सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और पंजाब सरकार का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं।" उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा तैयार करके और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करके पंजाब की खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हल्के में खेल बुनियादी ढांचे के आगे और विस्तार की घोषणा करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा, "यह ऐतिहासिक प्रोजेक्ट सुनाम में खेल विकास के एक नए युग की शुरुआत है।" उन्होंने कहा कि अगले छह महीनों के दौरान हल्के में खेल बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार देखने को मिलेगा, जिससे सुनाम इस क्षेत्र में एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में उभरेगा।

खेल सुविधाएं विकसित करने के प्रति भगवंत मान सरकार के दृष्टिकोण के बारे में बताते हुए कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा, "हमारा ध्यान सिर्फ सुविधाओं के निर्माण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि नियमित कोचिंग, प्रशिक्षण शिविरों, प्रतिस्पर्धी मैचों और बड़े टूर्नामेंटों के लिए इनके सुचारु उपयोग को सुनिश्चित करना भी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह एस्ट्रोटर्फ जहां सुनाम को उच्च स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने के योग्य बनाएगा, वहीं स्थानीय निवासियों को अपने घरों के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण खेल प्रतियोगिताएं देखने का अवसर भी प्रदान करेगा।"

युवाओं को इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने माता-पिता, शैक्षणिक संस्थानों, कोचों और खेल संस्थाओं से अपील की कि वे बच्चों को खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने जोर देकर कहा, "खेलों में अधिकतम भागीदारी युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, टीम वर्क और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करती है।"

खेल प्रतिभा को निखारने के प्रति भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, "भगवंत मान सरकार युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, पेशेवर प्रशिक्षण व मार्गदर्शन और सार्थक अवसर प्रदान करना जारी रखेगी, ताकि प्रदेश के कस्बों और गांवों से ऐसे चैंपियन पैदा हो सकें, जो पंजाब और देश का नाम दुनिया भर में रोशन करने में सक्षम हों।"