हरोली/ऊना, 29 नवंबर (राजवीर चोपड़ा):- बीत क्षेत्र का प्रसिद्ध मेला, जो पारंपरिक कहावत ‘दाल माहां दी छिंझ छराहां’ के नाम से जाना जाता है, गांव अचलपुर बीत में हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित किया गया। बीत भलाई कमेटी की ओर से मेले के सुचारू आयोजन के लिए बेहतरीन प्रबंध किए गए। मेले की रौनक देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इसका खूब आनंद लिया। वहीं, युवाओं को सही दिशा देने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बीत भलाई कमेटी की ओर से कबड्डी और वॉलीबॉल के मुकाबले भी करवाए गए।

इस अवसर पर तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह जी ने छिंझ मेले में पहुंचकर संगत को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्ष बीत जाने के बाद भी यह मेला आज नया और आकर्षक प्रतीत होता है। लोग यहां आकर अपने बचपन की यादें ताजा करते हैं। मेले में घरों में इस्तेमाल होने वाला सामान, मिट्टी के बर्तन, बच्चों के लिए झूले और चंडोल आदि आकर्षण उपलब्ध हैं। उन्होंने खेलों को प्राथमिकता देने के लिए बीत भलाई कमेटी के प्रयास की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि छराहां का मेला लोगों के दिलों में बसा हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने बीत क्षेत्र में पढ़ाई में अव्वल रहने वाले बच्चों को सम्मानित करने की बीत भलाई कमेटी की पहल को भी सराहनीय बताया।

इस अवसर पर बीत भलाई कमेटी की ओर से बाबा केवल सिंह जी और बाबा सुखदेव सिंह जी को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर बीत भलाई कमेटी के प्रधान बलवीर सिंह बैंस, मास्टर अमरीक सिंह दयाल, सोनी दयाल, डॉ. बिट्टू जी मजारी और सरपंच सुरिंदर सिंह टब्बा उपस्थित रहे।