हांसी (दिनकर गावड़ी):- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने जिले के सभी मकान मालिकों, दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपने मकान में किरायेदार रखने अथवा घरेलू नौकर, ड्राइवर, चौकीदार और अन्य कर्मचारियों को काम पर रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। किसी भी अनजान व्यक्ति को उसकी पहचान और स्थायी पते की पूरी जानकारी लिए बिना अपने मकान या प्रतिष्ठान में जगह न दें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक नागरिक का सतर्क रहना बेहद जरूरी है। कई बार आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर किरायेदार या कर्मचारी के रूप में रह सकते हैं। ऐसे में मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे किसी भी व्यक्ति को रखने से पहले उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि किरायेदार या कर्मचारी रखने से पहले उसका आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र, स्थायी पता, मोबाइल नंबर, फोटो और अन्य आवश्यक विवरण प्राप्त करें तथा संबंधित व्यक्ति का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। इसके साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी का रिकॉर्ड अपने पास सुरक्षित रखें।

एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि किसी किरायेदार, नौकर या कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देती हैं अथवा उसके द्वारा दी गई जानकारी में कोई संदेह नजर आता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस सत्यापन को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे अपने परिवार, पड़ोस और समाज की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानें।