साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां 27 नवंबर को पल्लनपुर, न्यू चंडीगढ़ में पंजाब इक्वेस्ट्रियन फेस्टिवल 3.0 का उद्घाटन करेंगे। जिला प्रशासन, साहिबजादा अजीत सिंह नगर द्वारा पंजाब पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा यह तीन दिवसीय उत्सव 27 से 29 नवंबर तक चलेगा। इस उत्सव के माध्यम से घुड़सवारी खेलों, पंजाब की संस्कृति और विरासत को बढ़ावा दिया जाएगा।
उत्सव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त अदित्य डचालवाल ने आज पल्लनपुर में आयोजन स्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किए जा रहे मैदानों, दर्शकों के लिए सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और मेहमाननवाजी से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रबंध समय पर पूरे किए जाएं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि उत्सव में शामिल होने वाले घुड़सवारों, दर्शकों और अन्य मेहमानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं, ताकि आयोजन सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) सोनम चौधरी, सहायक आयुक्त (सामान्य) डॉ. अंकिता कंसल, उपमंडल मजिस्ट्रेट खरड़ गुरमीत सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी परमबीर कौर, जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा और सलाहकार दीपइंदर सिंह बराड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
तीन दिनों तक होंगे घुड़सवारी के रोमांचक मुकाबले
पहला दिन – शुक्रवार, 27 नवंबर: प्रतियोगिताओं की शुरुआत सुबह 7 बजे टेंट पेगिंग के लांस व्यक्तिगत और रिंग एंड पेग मुकाबलों से होगी। इसके बाद मुख्य मैदान, ड्रेसाज मैदानों और टेंट पेगिंग मैदान में शो जंपिंग, ड्रेसाज और टीम लांस के मुकाबले करवाए जाएंगे। इसी दिन मुख्य अतिथि द्वारा उत्सव का उद्घाटन भी किया जाएगा।
दूसरा दिन – शनिवार, 28 नवंबर: दोपहर 12 बजे बच्चों की जिमखाना गतिविधि, दोपहर बाद 3 बजे घोड़ों की परेड और शाम 4 बजे सिक्स बार शो जंपिंग प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण होंगे। इसके अलावा अन्य घुड़सवारी मुकाबले भी करवाए जाएंगे।
तीसरा दिन – रविवार, 29 नवंबर: अंतिम दिन टीम स्वॉर्ड टेंट पेगिंग, लेडीज हैक्स और दोपहर बाद 3:30 बजे शो जंपिंग डर्बी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे पुरस्कार वितरण समारोह, एक्सीलेंस अवॉर्ड और समापन समारोह के साथ उत्सव संपन्न होगा।
जिला प्रशासन ने खेल प्रेमियों, परिवारों और क्षेत्रवासियों को इस उत्सव में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया है, ताकि वे प्रसिद्ध घुड़सवारों के रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेने के साथ-साथ पंजाब की समृद्ध खेल विरासत और मेहमाननवाजी का अनुभव कर सकें।
उत्सव में प्रवेश बिल्कुल निःशुल्क होगा।
