मोहाली, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- रयात बाहरा विश्वविद्यालय के एक विद्यार्थी ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। बीसीए (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के प्रथम वर्ष के विद्यार्थी आनंद कुमार ने नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 के 56 किलोग्राम भार वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता।

पावरलिफ्टिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 20 से 23 नवंबर तक दिल्ली के तिमारपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जीएसवी में आयोजित इस चैंपियनशिप में देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। आनंद कुमार ने अपनी असाधारण ताकत, दृढ़ संकल्प और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

आनंद की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उन्हें बधाई दी और उनकी मेहनत, लगन तथा खेलों के प्रति समर्पण की सराहना की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के चांसलर एवं चेयरमैन गुरविंदर सिंह बाहरा, वाइस चेयरमैन गुरिंदर सिंह बाहरा और डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. करमवीर सिंह अत्तरी ने आनंद कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि आनंद की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी। विश्वविद्यालय के समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने भी आनंद की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।