ऊना, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- ऊना में नागरिक सुरक्षा तैयारियों को परखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से 27 नवंबर को एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत होने वाला यह अभ्यास राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना, पीर निगाह रोड के नजदीक दोपहर 2 बजे शुरू होगा। यह जानकारी सहायक आयुक्त विनय मोदी ने संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी जारी करने, ब्लैकआउट व्यवस्था, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़ी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा।
इसमें नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, होमगार्ड जवानों, एनसीसी कैडेट्स तथा संबंधित विभागों एवं हितधारकों की भागीदारी रहेगी। अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
सहायक आयुक्त ने आमजन से अपील की कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और इसे नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत बनाने के लिए आयोजित अभ्यास के रूप में लें। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य आमजन में जागरूकता बढ़ाना और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना है।
बैठक में नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार, महाप्रबंधक आईएसबीटी ऊना प्रवेश शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य विभाग पीएस राणा, प्रशिक्षण समन्वयक आपदा प्रबंधन ऊना राजन शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
