ऊना, 26 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर गुरुवार को डीसी कार्यालय परिसर ऊना में अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक ढांचे की मजबूत आधारशिला है। यह समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे उच्च मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार एवं स्वतंत्रता प्रदान करने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों का भी बोध करवाता है।

उन्होंने कहा कि यह दिन संविधान की प्रस्तावना के वाचन और उसमें निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करने का अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ भी दिलाई।

एडीसी ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य आमजन में संवैधानिक आदर्शों और मूल्यों के प्रति जागरूकता एवं सम्मान की भावना विकसित करना है। संविधान सरकार की कार्यप्रणाली और शासन व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश निर्धारित करता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपना योगदान दे।

गौरतलब है कि 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी उपलक्ष्य में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ था। इस दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।