करनाल, 25 जून:-  हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने युवाओं से आह्वान किया है कि शिक्षा के साथ-साथ कोई न कोई ट्रेनिंग जरूर करें।  सरकार की ओर से स्वरोजगार के लिए बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। अभिभावक भी बच्चों की पढ़ाई पर फोकस कर उन्हें लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कड़ा परिश्रम करने के लिए प्रेरित करें। आज प्रतियोगिता का युग है। अब नौकरियां सिफारिश पर नहीं बल्कि मेरिट पर दी जा रही हैं।
 श्री कल्याण आज चुंडीपुर गांव करीब 54 लाख रुपये के विकास कार्यों का उदघाटन व शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर श्री कल्याण का ग्रामवासियों की ओर से शॉल ओढ़ाकर, पुष्प गुच्छ व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया गया। उन्होंने गांव के कम्युनिटी सेंटर में रसोई घर व चार गलियों का शिलान्यास, एक गली व पेयजल के लिए बिछाई गई पाइप लाईन का उदघाटन किया।
 उन्होंने कहा कि गांव की कुछ ओर मांगे भी आई हैं, इन पर भी गौर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित सभी राष्ट्र व प्रदेश की प्रगति तथा समाज के उत्थान के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा की ओर ध्यान देने की अपील की। बोले-युवाओं को शिक्षा के  साथ-साथ कोई न कोई ट्रेनिंग जरूर करनी चाहिए। केंद्र सरकार की ओर से ट्रेनिंग प्राप्त युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
 श्री कल्याण ने कहा कि यमुना बेल्ट में पिछले दस सालों में अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। इस अवधि में करीब 17 स्कूलों का दर्जा बढ़ाया गया है। इनमें यमुना क्षेत्र के स्कूल अधिक हैं। इससे विशेष रूप से उन बेटियों को फायदा होगा जो आसपास स्कूल न होने के कारण पढ़ाई बीच में छोड़ देती थीं। उन्होंने कहा कि यमुना बेल्ट में दूसरी आईटीआई जल्द बनकर तैयार होगी। इसकी कक्षाएं पहले ही आरंभ हो चुकी हैं। इससे पहले यह इलाका विकास के मामले में पूरी तरह से उपेक्षित था। यह व्यवस्था परिवर्तन का ही नतीजा है कि आज युवाओं को मेरिट पर नौकरी मिल रही है। बुजुर्गों के खातों में सीधे पेंशन पहुंच रही है। किसानों के खाते में फसल की राशि भी सीधे पहुंच रही है।
 उन्होंने कहा कि जिन गांवों में जमीन उपलब्ध है वहां स्टेडियम/खेल के मैदान विकसित कराए जाएंगे। युवा खेलों में भाग लेंगे तो नशे जैसी लत से बच सकेंगे। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि जो मेहनत करेगा, वही आगे बढ़ेगा।
 इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि गंगा राम, मंडल अध्यक्ष सचिन राणा, पूर्व पार्षद चंचल राणा, राजेश लाठर, जोगेंद्र भट्टी आदि मौजूद रहे।