पटियाला:- पटियाला सोशल वेलफेयर सोसाइटी पिछले 25 वर्षों से समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। इस वर्ष सोसाइटी अपना सिल्वर जुबली वर्ष मना रही है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पटियाला डेवलपमेंट के चेयरमैन तेजिंदर सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि हर परिवार का यह कर्तव्य है कि वह अपने आसपास के वातावरण को हरा-भरा बनाए रखे, ताकि लोगों को शुद्ध ऑक्सीजन मिल सके और जीवन स्वस्थ एवं सुगम बन सके। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग छोड़कर कपड़े या जूट के बैग अपनाने की भी अपील की।
सोसाइटी के प्रतिनिधि विजय कुमार गोयल ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए बताया कि पटियाला सोशल वेलफेयर सोसाइटी अब तक एक लाख 50 हजार से अधिक कपड़े के बैग वितरित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण के साथ-साथ कपड़े के बैग भी वितरित किए गए और लोगों को पर्यावरण स्वच्छ रखने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आईटीआई के शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्रीमती नीना रानी, श्रीमती जसदीप कौर, श्रीमती गुरवीर कौर, बलवीर कौर, सीनू सैनी, सोनू सतीजा, राजो रानी, रितिका शर्मा, अमरजीत सिंह, उमेश गहरा, मलकियत सिंह, जतिंदर कुमार, परवीन कुमार, इंदरजीत सिंह, बलबीर सिंह और सैम लाल शामिल रहे।
सोसाइटी की ओर से कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया गया। साथ ही आईटीआई को एक एयर कंडीशनर (एसी) भेंट करने का निर्णय भी लिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सतीश विद्रोही और बरजिंदर ठाकुर ने अपनी रचनाओं के माध्यम से उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर हरबंस बंसल, राजेश वर्मा, अजीत सिंह भट्टी, सतिंदर कुमार गुप्ता, संजय धीर, सोहन लाल कंसल, कमल गोयल, रविंदर सिंह सभरवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर पटियाला सोशल वेलफेयर सोसाइटी का संदेश अधिक से अधिक पेड़ लगाएं प्लास्टिक छोड़ें और पर्यावरण बचाएं
