अंब/ऊना, 1 अगस्त (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद अंब के आंगनबाड़ी केंद्र अंब-5 में शुक्रवार को विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। 1 से 7 अगस्त तक मनाए जाने वाले इस सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अंब के पार्षद गौरव शर्मा ने की। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मोनिका कुमारी ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मोनिका कुमारी ने उपस्थित महिलाओं को स्तनपान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन्म के तुरंत बाद नवजात शिशु को मां का दूध अवश्य पिलाना चाहिए तथा कम से कम छह माह तक केवल स्तनपान ही कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए अमृत के समान होता है, जिसमें आवश्यक पोषक तत्व, विटामिन और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले तत्व प्रचुर मात्रा में होते हैं। उन्होंने विशेष रूप से नवजात को जन्म के बाद मिलने वाले पहले पीले गाढ़े दूध (कोलोस्ट्रम) को अवश्य पिलाने की अपील करते हुए इसे शिशु के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्तनपान से होने वाले स्वास्थ्य लाभ, मातृ एवं शिशु पोषण तथा संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र अंब-5 में टीएचआर (टेक होम राशन) योजना के अंतर्गत 6 माह से 3 वर्ष तक आयु वर्ग के 19 बच्चों तथा 11 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषाहार वितरित किया गया। पोषाहार में चावल, दलिया, खाद्य तेल, सोयाबड़ी, नमक, चने, सेवईं, दूध, न्यूट्री मिक्स और बिस्कुट सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल थी।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र में सीबीई (कम्युनिटी बेस्ड इवेंट) की मासिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं से अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित स्तनपान और संतुलित पोषण अपनाने का आग्रह किया गया।