ऊना, 4 अगस्त:- उद्योग विभाग ऊना की ओर से रेसिंग एंड एक्सीलरेटिंग परफॉरमेंस कार्यक्रम के अंतर्गत आज डीआरडीए कॉन्फ्रेंस हॉल, ऊना में मार्केट सक्सेस एंड सस्टेनेबिलिटी, मार्केट फाइनेंस एवं जेम पोर्टल विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में हरोली विकास खंड की लगभग 100 महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिला उद्यमियों एवं एमएसएमई इकाइयों को बाजार से जुड़ी नई संभावनाओं, वित्तीय संसाधनों तथा डिजिटल सरकारी खरीद प्रणाली के बारे में जागरूक करना था ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र ऊना की ओर से इंडस्ट्रियल प्रमोशनल ऑफिसर डाकेश्वर ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डाकेश्वर ठाकुर ने कहा कि रैंप कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार की कार्यशालाएं महिला उद्यमियों एवं एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक बाजार, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने उद्यमों का विस्तार करने का आह्वान किया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में मीनाक्षी ठाकुर ने मार्केट सक्सेस एंड सस्टेनेबिलिटी तथा मार्केट फाइनेंस विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवसाय विकसित करने, उत्पादों की ब्रांडिंग, गुणवत्ता सुधार, ग्राहकों का विश्वास बनाए रखने तथा विभिन्न वित्तीय संस्थानों एवं सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में अवगत कराया।
द्वितीय सत्र में पुनीत बक्शी ने जेम पोर्टल की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, उत्पाद सूचीकरण, सरकारी निविदाओं में भागीदारी, ऑनलाइन बिक्री के अवसर तथा समयबद्ध भुगतान व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रतिभागियों को सरकारी खरीद प्रणाली से जुड़कर जेम पोर्टल का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।