रतलाम, 27 जून - मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के रतलाम दौरे के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। उनके काफिले में शामिल 19 इनोवा गाड़ियां डोसीगांव स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद बीच रास्ते में ही बंद हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बीती रात करीब 10 बजे की है।
मुख्यमंत्री के काफिले की गाड़ियों ने शहर की सीमा पर स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप से डीजल भरा था। डीजल भरवाने के बाद जब गाड़ियां आगे बढ़ीं तो कुछ दूर जाकर एक-एक कर बंद हो गईं।
इसके बाद गाड़ियों को धक्का देकर सड़क के किनारे खड़ा करना पड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जांच में पता चला कि गाड़ियों के डीजल टैंक में मौजूद 20 लीटर डीजल में से करीब आधी में पानी मिला हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में भगदड़ मच गई।
प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया है और तेल के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या यह गड़बड़ी टैंक में बारिश के पानी के रिसाव के कारण हुई या फिर किसी की लापरवाही का नतीजा है। इन वाहनों के खराब होने के कारण इंदौर से रिप्लेसमेंट वाहन मंगवाए गए हैं। मामले की जांच जारी है।