साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 23 जून, 2025: मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान और डीजीपी पंजाब श्री गौरव यादव द्वारा शुरू किए गए अभियान के तहत जिला एसएएस नगर के सदर खरड़ पुलिस थाने को बड़ी सफलता मिली है।
जिले के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि पुलिस कप्तान (ग्रामीण) श्री मनप्रीत सिंह और डीएसपी खरड़-1 श्री करण सिंह संधू के नेतृत्व में, एसएचओ एसआई अमरिंदर सिंह (सदर खरड़ पुलिस स्टेशन) की देखरेख में, 21 जून को गोल्डन एस्टेट खरड़ के पास की गई नाकाबंदी के दौरान एक अफ्रीकी युवक को शक के आधार पर रोका गया। 
जांच के दौरान, उक्त व्यक्ति की पहचान एक्ज़ोआ, पुत्र इज़वाना, निवासी अब्रनर, पुलिस स्टेशन अवाका, जिला-इमो, राज्य अनाम्ब्रा, नाइजीरिया वर्तमान पता 116-बी पहली मंजिल, गोल्डन एस्टेट, सेक्टर 115 खूनी माजरा खरड़, जिला एसएएस नगर के रूप में हुई, जिसके पास से 540 ग्राम कोकीन, 10,000 नकद (ड्रग मनी), 8 बड़े और 10 छोटे लिफाफे, एक डिजिटल कांटा, एक स्टील चम्मच, एक टेप रोल (जमातो से लिखा हुआ) और विभिन्न रंगों के रबर बैंड मिले। 
उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ सदर थाना खरड़ में मुकदमा नं. 202 दिनांक 21.06.2025 धारा 21 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। 
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह सारी कोकीन एन.सी.आर. दिल्ली से लेकर आया था। आरोपी को अदालत में पेश कर आरोपी का 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आरोपी से गहनता से पूछताछ जारी है।