करनाल, 9 नवंबर:  केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने लघु सचिवालय के सभागार में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश दिए। 
मंत्री ने बैठक में 11 विभागों की 22 महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कि योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिले तथा विकासात्मक परियोजना को जल्द धरातल पर लाया जाए।
 बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने स्तर पर जिला से संबंधित विकासात्मक परियोजनाओं तथा जन कल्याणकारी योजनाओं का आवश्यकतानुसार  प्लान तैयार करें, केवल लक्ष्य पूरा करने तक सीमित न रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री शहरी व ग्रामीण आवास योजना के लिए ज्यादा से ज्यादा व्यक्तियों को आवेदन करने के लिए प्रेरित करें ताकि हर गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति का मकान बनाने का सपना साकार हो सके।
 उन्होंने कृषि विभाग की  आत्मा योजना की समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के उपनिदेशक को निर्देश दिए कि वे किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रेरित करें और उन्हें  प्रशिक्षण भी दिलवाएं ताकि किसान कम लागत में अच्छा मुनाफा अर्जित कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
 केंद्रीय मंत्री ने बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पीएम मुद्रा योजना के तहत स्वरोजगार स्थापित करने के लिए लोन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना का लाभ मिले इसके लिए लोगों को आवेदन करने के लिए जागरूक करें।
 उन्होंने कहा कि यह योजना स्वरोजगार के लिए 50 लाख रुपये तक के ऋण पर 10 से 35 प्रतिशत तक सब्सिडी प्रदान करती है। बैंकों और पैक्स के माध्यम से आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए उचित कदम उठाने होंगे।
उन्होंने कहा कि अगले 5 वर्षों में पीएम आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी 3 करोड़ मकानों का राष्ट्रीय लक्ष्य घोषित किया गया है। देश भर में एक करोड़ शहरी व 2 करोड़ ग्रामीण क्षेत्रों में मकान बनाए जाएंगे। पोर्टल पर आवेदन मांगे गए हैं। योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन करवाए जाएं ताकि हर जरूरतमंद को अपना घर मिल सके।
  मनोहर लाल ने कहा कि रोजगार की दृष्टि से वीटा बूथ योजना एक अच्छी योजना है इसका और सरलीकरण किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आवेदन करके लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि स्वनिधी योजना के तहत छोटे दुकानदारों (स्ट्रीट वेंडर्स) के लिए ऋण की राशि बढ़ाई गई है। 
इस योजना के तहत दिए जाने वाले ऋण को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया गया है।  50 हजार रुपये के ऋण के साथ अतिरिक्त 30 हजार रुपये की राशि का क्रेडिट कार्ड दिया जा रहा है ताकि रिवोल्विंग फंड का इस्तेमाल बार -बार किया जा सके।
 ऐसी छोटी-छोटी स्कीमों का लाभ उठाने से समाज के गरीब लोगों के जीवन में एक बड़ा बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को ऋण उपलब्ध करवाया जाता है ताकि वे महिलाएं आत्मनिर्भर व स्वावलंबी  बन सकें। उन्होंने कहा कि समूहों में शामिल महिलाओं के खराब सिबिल स्कोर को सुधारने के लिए उन्हें प्रेरित किया जाए, ताकि अगले वर्ष वे भी ऋण के लिए पात्र हो सकें।
 उन्होंने करनाल में आयोजित श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस मैराथन के सफल आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि आज इस मैराथन में 61 हजार लोगों ने भाग लिया है। यह मैराथन 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में आयोजित की गई थी और सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन के लिए प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। 
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीद दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें करनाल का मैराथन कार्यक्रम है जो कि एक सफल व रिकॉर्डतोड़ कार्यक्रम रहा। इसी कड़ी में 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।
बैठक में उपायुक्त उत्तम सिंह ने करनाल के सांसद व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल तथा अन्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया और बैठक के एजेंडे में रखी गई विभिन्न विभागों की स्कीमों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के दिशा-निर्देशों की दृढ़ता से पालना करें और अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।
इस अवसर पर गवर्नमेंट चीफ व्हिप एवं इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, करनाल के विधायक जगमोहन आनंद, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, महापौर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, सांसद प्रतिनिधि कवींद्र राणा तथा जिला प्रशासन की ओर से सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।