फतेहाबाद, 11फ़रवरी:- जिला में चल रहे राज्य स्तरीय 30 दिवसीय सूर्य नमस्कार अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। हरियाणा सरकार, हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गांव भरपूर, हंसगा, भूंदड़वास और एमपी सोतर के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय परिसरों में विद्यार्थियों ने एक साथ 12 चरणों वाले सूर्य नमस्कार का अभ्यास कर योग का अद्भूत दृश्य प्रस्तुत किया। 
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा एवं जिला योग समन्वयक डॉ. भारती चौहान के निर्देशानुसार तथा आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्वजीत जांगड़ा के मार्गदर्शन में आयुष योग सहायक सतबीर सिंह ने विद्यार्थियों को विधिवत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बच्चों को सूर्य नमस्कार की सही तकनीक, श्वास-प्रश्वास की प्रक्रिया तथा अभ्यास के दौरान सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
सतबीर सिंह ने कहा कि सूर्य नमस्कार केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवनशैली का विज्ञान है। 12 क्रमबद्ध आसनों से मिलकर बना यह अभ्यास शरीर के प्रत्येक अंग और ग्रंथि को सक्रिय करता है। नियमित रूप से 10-15 चक्र करने से जहां रक्त संचार में सुधार होता है वहीं मांसपेशियां सशक्त होती हैं और रीढ़ की लचीलापन बढ़ता है। 
यह अभ्यास मेटाबॉलिज्म को संतुलित कर वजन नियंत्रण, पाचन सुधार और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी सहायक है। कार्यक्रम के दौरान आयुष योग सहायक अनिल कुमार ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ‘योग युक्त, नशा मुक्त भारत’ का संकल्प दिलाया। 
उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल कर ले, तो न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुधरेगा बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी आएगा। विद्यालय प्रशासन ने सूर्य नमस्कार को नियमित प्रार्थना सभा का हिस्सा बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि स्वस्थ, जागरूक और अनुशासित समाज की मजबूत नींव विद्यालयों से ही रखी जाती है।