होशियारपुर, 25 जुलाई:- पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने गांव आनंदगढ़ के आम आदमी पार्टी से संबंधित सरपंच सतपाल सिंह (मिंटू) की दिन-दहाड़े हुई हत्या को बेहद चिंताजनक बताया है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी से जुड़े सरपंच की इस तरह हत्या होना पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
तीक्ष्ण सूद ने कहा कि हत्या के बाद हत्यारों द्वारा दोबारा हमला करना और अभी तक सभी आरोपियों का गिरफ्तार न होना और भी गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि आम आदमी पार्टी के सरपंच की हत्या के बाद हत्यारों की गिरफ्तारी का मुद्दा विपक्षी दल उठा रहे हैं, जबकि चर्चा है कि इस मामले में शामिल लोगों के संबंध कहीं न कहीं सत्ता पक्ष से जुड़े हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस हत्या के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि हत्या के पीछे के सभी कारणों की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए तथा असली दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
भाजपा नेता ने कहा कि हत्यारों का अब तक पकड़ा न जाना सरकार के माथे पर कलंक है। उन्होंने कहा कि जब सरकार अपने ही सरपंच की सुरक्षा नहीं कर सकती तो आम जनता की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
इस अवसर पर पूर्व मेयर शिव सूद, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय पठानिया, अर्चना जैन, सुखवीर सिंह नंदन, राज कुमार राजू, यशपाल शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता उपस्थित रहे।