हांसी:–नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन के कुशल मार्गदर्शन में हांसी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद का विशेष स्वच्छता अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में वीरवार को वार्ड नंबर 2, 6, 11, 18 एवं 25 में व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों ने सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का कार्य किया।
अभियान के दौरान वार्डों की मुख्य सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों तथा बाजार क्षेत्रों की गहन सफाई कर कूड़ा-कचरा उठाया गया। नालियों की विशेष रूप से सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया तथा एकत्रित कचरे का समयबद्ध एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया गया। जहां-जहां आवश्यकता महसूस हुई, वहां अतिरिक्त सफाई कर्मियों एवं मशीनरी की भी तैनाती की गई, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में स्वच्छता का स्तर बेहतर बनाया जा सके।
नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर शहर का निर्माण केवल नगर परिषद के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता और जनसहयोग से ही हांसी को प्रदेश के सबसे स्वच्छ एवं सुंदर शहरों में शामिल किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि नगर परिषद द्वारा प्रत्येक वार्ड में नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कहीं भी सफाई व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए। नागरिकों की शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाएं और नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे अभियानों में सहभागी बनकर शहर को साफ-सुथरा, स्वस्थ और सुंदर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और आमजन के संयुक्त प्रयासों से हांसी स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
