करनाल, 26 मई:- स्थानीय कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आज 159 नवनियुक्त पटवारियों के लिए अभिमुखीकरण (ओरिएंटेशन) सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त पटवारियों को बधाई दी और फील्ड में ईमानदारी व निष्ठा से काम करने के लिए प्रेरित किया।
संबोधन के दौरान उपायुक्त ने अपना एक व्यक्तिगत किस्सा साझा करते हुए बताया कि  ग्रामीण अंचलों में डीसी से कहीं ज्यादा लोग पटवारी की अहमियत को समझते हैं। उन्होंने कहा कि पटवारी राजस्व विभाग की रीढ़ की हड्डी हैं। ग्रामीणों के लिए पटवारी की भूमिका सरकार के सबसे करीबी प्रतिनिधि के रूप में होती है। उन्होंनेे प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले पटवारी के पद को पुरुष प्रधान माना जाता था, लेकिन आज बड़ी संख्या में बेटियों और महिलाओं का इस पद पर चयन होना समाज और सरकार दोनों के लिए गौरव की बात है।
नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आप सभी अपनी काबिलियत और पारदर्शिता के दम पर भर्ती होकर आए हैं। इस विश्वास को बनाए रखें और किसी भी लोभ-लालच में आकर अपनी व्यावसायिक ईमानदारी को खराब न करें। उन्होंने कहा कि यदि आपका चरित्र और कार्यशैली निष्पक्ष है, तो समाज में हर जगह आपको सम्मान मिलेगा। उपायुक्त ने नवनियुक्त पटवारियों को आश्वस्त किया कि वे अपनी किसी भी समस्या के लिए सीधे उनके कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर एडीसी डॉ. राहुल रईया ने सभी नवनियुक्त पटवारियों को बधाई दी और कहा कि  वे ईमानदारी व निष्ठा से अपनी ड्यूटी करें। आम जनता, विशेषकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटलाइजेशन की तरफ बढ़ रही है,  बदलते समय के साथ राजस्व विभाग तेजी से डिजिटल हो रहा है, ऐसे में सभी पटवारियों को तकनीकी रूप से दक्ष होना अनिवार्य है। सभी पटवारी इस लक्ष्य के साथ काम करें कि विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ जनता तक पहुंचे।
 इस अवसर पर एसीयूटी सोहम शैलेंद्र व डीआरओ मनीष यादव ने सभी नवनियुक्त पटवारियों को बधाई दी व उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इससे पूर्व ओरिएंटेशन कार्यक्रम के तहत नायब तहसीलदार व कानूनगो द्वारा नवनियुक्त पटवारियों को उनके काम से अवगत कराया। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कैसे सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए।
इस मौके पर एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, डीआरओ मनीष यादव, नायब तहसीलदार राजेश कुमार सहित राजस्व विभाग एवं नवनियुक्त पटवारी मौजूद रहे।