हांसी:– राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्थानीय एस.डी. महिला महाविद्यालय के सभागार में उपमंडल स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक  विनोद भयाना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम राजेश खोथ ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश कुमार गुप्ता, भाजपा प्रवक्ता नेहा धवन, मार्केट कमेटी के उपाध्यक्ष सुरजीत गुर्जर तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक  विनोद भयाना ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के अदम्य साहस का प्रेरणा स्रोत है। यह गीत हर भारतीय के हृदय की धड़कन है, जिसने आजादी के आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की। जब-जब इस गीत के ओजस्वी स्वर गूंजे, तब-तब देशभक्तों के हृदय में त्याग, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना जागृत हुई।
उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और त्याग से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रनिर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देना चाहिए। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने ही आने वाले भारत का मार्ग तय करेंगे। आपकी मेहनत, ईमानदारी और संस्कार ही भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। आज  विश्व भारत की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है । ऐसे समय में हमें डिजिटल भारत, स्वच्छ भारत, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सद्भाव के संकल्पों को अपने जीवन में आत्मसात कर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण स्क्रीन पर दिखाया गया। महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें किरण, मानसी, मुस्कान तथा प्राची के प्रदर्शन को विशेष सराहना मिली।
एसडीएम राजेश खोथ ने नागरिकों को राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय गीत तथा राज्य गीत से संबंधित विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे और विजेता विद्यार्थियों को  पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन ओमपाल यादव, ब्लॉक समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि  सुभाष यादव, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन अनिल कुमार, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद सैनी, विधायक के निजी सचिव रवि अरोड़ा तथा अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।