साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 23 जून: फेज-11 के नजदीक गांव कंबाला-कंबाली के नजदीक लगाए जा रहे कूड़ा प्लांट के संबंध में आज मिले विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, धार्मिक संस्थाओं व फेज-11 के गणमान्य व्यक्तियों के प्रतिनिधिमंडल को विधायक कुलवंत सिंह ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करके इस मामले का स्थायी समाधान जल्द ही निकाला जाएगा।
विधायक कुलवंत सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि चुनावों के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी सरकार ने लोगों से वादा किया था कि सरकार द्वारा लोगों के स्वास्थ्य व शिक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। 
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार स्वस्थ पंजाब के निर्माण की दिशा में लगातार काम कर रही है और विपक्षी प्रतिनिधि जानबूझकर सरकार द्वारा लागू की जा रही जनहितैषी योजनाओं को लेकर आम आदमी सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे हैं।
 बहरहाल, सरकार जहां लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का स्थायी समाधान करती रहेगी, वहीं विकास कार्य भी निरंतर जारी रहेंगे। विधायक कुलवंत सिंह व अन्य ने भरोसा दिलाया कि वे किसी भी हालत में मोहाली के लोगों के स्वास्थ्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचने देंगे।
 विधायक से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में विशेष रूप से कुलवंत सिंह कलेर- पार्षद, प्रमोद मिश्रा- अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण मंदिर मोहाली, अमरजीत सिंह- अध्यक्ष फ्रेंड्स स्पोर्ट्स एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी, बख्शीश सिंह- अध्यक्ष रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (ईस्ट) फेज-11 मोहाली, गुरमेज सिंह मौजोवाल- अध्यक्ष भगत पूरन सिंह पर्यावरण सोसायटी, आर.एस. ढिल्लों, डॉ. मनिंदर कौर- अध्यक्ष रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एच.आई.जी. हाउस फेज-11 मोहाली तथा बड़ी संख्या में फेज-11 के निवासी भी मौजूद थे।