करनाल, 23 जनवरी:- सर छोटू राम अमर रहें के नारों के बीच करनाल स्थित रहबर-ए-आजम दीनबंधु सर छोटू राम किसान भवन में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर महान किसान-मजदूर नेता रहबर-ए-आजम सर छोटू राम जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव सुरेंद्र सिंह बेनीवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सर छोटू राम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने सर छोटू राम को किसान-मजदूरों का सच्चा मसीहा बताते हुए उनके संघर्षों और बलिदान को याद किया। मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रतन मान ने कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में चौधरी सर छोटू राम ने किसान और मजदूर वर्ग को कर्ज के जाल से मुक्त करने के लिए ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कानून बनाए। उन्होंने ऐसे कानून लागू कराए, जिनके तहत किसी भी किसान या मजदूर के रहने का घर, बैलगाड़ी, महिलाओं के जेवरात और घरेलू बर्तन कर्ज के बदले नीलाम नहीं किए जा सकते थे।
रतन मान ने कहा कि सर छोटू राम ने अपने कार्यकाल में कर्ज मुक्ति बोर्ड का गठन कर धोखे से हड़पी गई किसान-मजदूरों की जमीनों को मुक्त करवाया और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को कानूनी रूप से वापस दिलवाया। उन्होंने किसान और मजदूर की आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने वर्तमान शासन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज किसान और मजदूर कर्ज न चुका पाने की स्थिति में अपने ही घरों से बेदखल किए जा रहे हैं, जो सर छोटू राम की विचारधारा के बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने कहा कि सर छोटू राम की नीतियां आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और किसान-मजदूरों को उनके अधिकार दिलाने के लिए उनके बताए मार्ग पर चलना समय की मांग है। कार्यक्रम के अंत में संगठन ने सर छोटू राम के सिद्धांतों पर चलकर किसान-मजदूरों के हक की लड़ाई को और तेज करने का संकल्प लिया।
बॉक्स
26 जनवरी को भारतीय किसान यूनियन द्वारा प्रदेश स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों ट्रैक्टर शामिल होंगे। यह यात्रा जींद के रामराय गांव से शुरू होकर गुलकनी गांव स्थित शहीद स्मारक पर संपन्न होगी। इस तिरंगा यात्रा की अगुवाई भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह सहरावत करेंगे। इस अवसर पर सभी किसानों और मजदूरों ने चौधरी सर छोटू राम द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि किसानों के हक और हकूक की लड़ाई पूरी मजबूती से जारी रखी जाएगी। साथ ही किसानों और मजदूरों को कर्जमुक्त करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। यह यात्रा देशभक्ति, किसान एकता और उनके अधिकारों की रक्षा के संकल्प का प्रतीक बनेगी।
इस अवसर पर प्रेम सिंह सांगवान, सुरेंद्र बैनिवाल, रामफल नरवाल, सतीश कुमार, महेंद्र सिंह मढान, सुरेंद्र पाल सिंह, रमेश कुमार, कंवर सिंह राणा, कलेक्टर सिंह राणा, रामप्रकाश, राजकुमार, सुरेंद्र सांगवान, प्रकाश देशवाल, वेदपाल सांगवान, देवेंद्र सांगवान, राजकुमार नौतना, टीनू सोहाना सहित अनेक किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
किसानमजदूरों के मसीहा सर छोटू राम के बताए मार्ग पर चलकर तेज होगी हक की लड़ाई रतन मान
