हांसी- जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक समस्या का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध करवाना है।
शिविर के दौरान गांव ढाणी पिरावली निवासी प्रदीप कुमार ने गांव के जलघर के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज होने की समस्या रखी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए तहसीलदार ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए पाइपलाइन की लीकेज को दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इसी प्रकार एचएसवीपी सेक्टर-6 क्षेत्र में सीवरेज लाइन ओवरफ्लो होने की शिकायत भी समाधान शिविर में प्रस्तुत की गई। तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का शीघ्र समाधान करने तथा क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
गांव बांडा हेडी के खेल स्टेडियम में आंधी के कारण लगे हुए पोल टेढ़े होने की शिकायत पर तहसीलदार ने खेल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेढ़े हुए पोलों को शीघ्र सीधा करवाकर सुरक्षित किया जाए।
इसके अलावा गांव भाटला में बिजली ट्रांसफार्मर के पोल के टेढ़े होने की शिकायत भी शिविर में रखी गई। इस पर तहसीलदार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर पोल को ठीक करवाने तथा संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को समाप्त करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत भी करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।