करनाल, 6 जुलाई: केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को करनाल शहर के सेक्टर-12-13 लाल बत्ती  के नजदीक नवनिर्मित स्वामी दयानंद सरस्वती चौक का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने हवन यज्ञ में आहुति डाली और स्वामी दयानंद सरस्वती को नमन किया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महापुरुषों के स्मारक समाज को सही दिशा दिखाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, स्वामी दयानंद सरस्वती जी ने देश के भीतर समाज में उत्तम संस्कार पैदा करने के लिए एक बेहद स्वच्छ और आदर्श मार्ग चुनकर अपने जीवन को आगे बढ़ाया। उनका जीवन और कार्य पूरे देश के लिए एक सराहनीय मिसाल है। उन्होंने रेखांकित किया कि स्वामी जी का जन्म देश के एक कोने  में हुआ था, लेकिन उन्होंने पूरे देश में घूम-घूम कर आर्य समाज के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया और समाज को कुरीतियों से मुक्त कर आगे बढ़ाने का एक महान कार्य किया। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि स्थानीय लोगों ने इस प्रकार की अनूठी पहल के जरिए महापुरुषों की यादों को संजोया है। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी भी महापुरुषों के दिखाए मार्ग पर चल सके, इसके लिए ऐसे कदम उठाए जाना बेहद जरूरी हैं।
 केंद्रीय मंत्री ने समाज के उन लोगों की भी सराहना की जो शिक्षा, यज्ञ, पाठ या सामाजिक सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से समाज को बेहतर बनाने में अपना निरंतर योगदान दे रहे हैं। उन्होंने स्वामी दयानंद जी के चरणों में नमन करते हुए समाज को उनके सिद्धांतों पर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि  स्वामी जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुँचाएं ताकि हमारी युवा पीढ़ी भी देश और समाज हित के मार्ग पर अग्रसर हो सके।
इस अवसर पर करनाल विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेनू बाला गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भाजपा नेता बृज गुप्ता, एडवोकेट विजय वेदपाल, कार्यक्रम के आयोजकों में प्रधान प्रो0. आनंद सिंह आर्य, उप प्रधान वेद मित्र आर्य, ओम प्रकाश आर्य, स्वतंत्र कुकरेजा, कौशल सचदेवा, इंदु गुलाहटी, प्रिया आर्या, पार्षद कुमारी आशया कुमार, पार्षद संकल्प भंडारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।