फतेहाबाद, 08 फरवरी:- पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* की दूरदर्शी एवं संवेदनशील सोच के परिणामस्वरूप फतेहाबाद जिला आज नशा मुक्त समाज की ओर मजबूती से अग्रसर है। एक ओर जहां फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए सैकड़ों नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है, वहीं दूसरी ओर “ऑपरेशन जीवन ज्योति” अभियान के तहत नशा ग्रस्त युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का मानवीय कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।
                       नशा मुक्ति टीम द्वारा लगातार नशे की लत में फंसे युवाओं से संपर्क स्थापित कर उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है, उन्हें उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है तथा सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक सैकड़ों युवाओं को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर उन्हें सम्मानजनक और सामाजिक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया गया है।
                       *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन* की इसी प्रेरणादायी सोच से अब समाज के जिम्मेदार एवं समाजसेवी संगठन भी इस पवित्र मुहिम में आगे आने लगे हैं। इसी कड़ी में अग्रवाल सभा ने एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल करते हुए नशा ग्रस्त युवाओं के उपचार हेतु अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
                       *अग्रवाल सभा के प्रधान सुभाष गर्ग* ने अपने निजी खर्च से पुलिस लाइन फतेहाबाद स्थित सभागार हॉल में करीब ₹50,000 मूल्य की होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक दवाइयों का “लंगर” लगाकर नशा मुक्ति अभियान को समर्पित किया। इन दवाइयों का उपयोग नशा पीड़ित युवाओं के उपचार एवं पुनर्वास में किया जाएगा, ताकि वे शीघ्र स्वस्थ होकर समाज की मुख्यधारा में लौट सकें।
                        इस अवसर पर नशा मुक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुन्दर लाल, अग्रवाल सभा के पूर्व सचिव श्री सुशील कुमार बंसल सहित नशा मुक्ति टीम के अन्य पुलिस कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
                        कार्यक्रम के दौरान *पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस* ने अग्रवाल सभा के प्रधान सुभाष गर्ग एवं पूरी अग्रवाल सभा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य मानवता और समाज कल्याण की दिशा में एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि नशा ग्रस्त युवा हमारे समाज का भविष्य हैं, जो गलत संगत या भटके हुए मार्ग के कारण नशे की चपेट में आ गए। ऐसे युवाओं को दंड नहीं, बल्कि प्रेम, सहयोग और मनोबल की आवश्यकता है। उन्हें नशे की दलदल से बाहर निकालना ही फतेहाबाद पुलिस का मुख्य ध्येय है।
                           *पुलिस अधीक्षक* ने समाज की अन्य सामाजिक संस्थाओं एवं जिम्मेदार नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे आगे आकर इस नशा मुक्ति अभियान में अपना योगदान दें और अपनी सहभागिता से इस सामाजिक “हवन यज्ञ” में आहुति प्रदान करें, ताकि फतेहाबाद को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाया जा सके।
                             इस पुनीत अभियान में योगदान देने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 94165-51738 पर संपर्क कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं।