लुधियाना:- विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर सन फाउंडेशन द्वारा 16 जुलाई 2026 को स्किल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परिसर, आईटीआई गिल रोड, लुधियाना में भव्य दीक्षांत समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पंजाब भर में संचालित सन फाउंडेशन के स्किल सेंटरों से प्रशिक्षण प्राप्त 1,000 युवाओं को एनएसडीसी डिप्लोमा प्रमाण-पत्र तथा देश की अग्रणी कंपनियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया होंगे, जबकि केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी, राज्यसभा सांसद एवं सन फाउंडेशन के चेयरमैन ने कहा,
«"कौशल विकास रोजगार, सम्मान और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। हमारा उद्देश्य प्रत्येक युवा को ऐसे कौशल प्रदान करना है, जो उसे सम्मानजनक रोजगार, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करें।"»
उन्होंने आगे कहा, «"विश्व युवा कौशल दिवस पर हम अपने संकल्प को दोहराते हैं कि पंजाब के प्रत्येक योग्य युवा को निःशुल्क, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। हमारा लक्ष्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि युवाओं को कुशल पेशेवर और भारत के विकास में सहभागी बनाना है।"»
समारोह के दौरान लाइव स्किल डेमोंस्ट्रेशन, प्रशिक्षुओं के साथ संवाद, विभिन्न कौशल प्रदर्शनी, कौशल विकास परियोजनाओं की प्रस्तुति तथा नवनिर्मित आईटीआई परिसर का अवलोकन भी कराया जाएगा।
यह कार्यक्रम पंजाब में कौशल विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर युवाओं के निर्माण के प्रति सन फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
विश्व युवा कौशल दिवस पर सन फाउंडेशन का भव्य दीक्षांत समारोह 16 जुलाई को 1000 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
